जेसीबी से समतल कराए गए बारिश से खराब रास्ते; लाइटिंग, टेंट, साउंड सिस्टम और चेंजिंग रूम की व्यवस्था, ग्रामीणों ने की सराहना
कुंदा (चतरा)। छठ महापर्व को लेकर कुंदा प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल महादेव मठ में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कुंदा पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार साहू ने शुक्रवार को अपने निजी खर्च से छठ घाट, मंदिर परिसर और वहां तक जाने वाले मुख्य मार्गों की साफ-सफाई कराई। बारिश से खराब हुए रास्तों को जेसीबी से समतल कराया गया और मजदूरों को लगाकर पूरे परिसर की सफाई कराई गई।
मुखिया ने बताया कि वे हर वर्ष छठ के अवसर पर निजी खर्च से टेंट, लाइट, सजावट, साउंड सिस्टम और व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराते हैं। इस बार भी महादेव मठ परिसर से छठ घाट तक विद्युत लाइटिंग, टेंट, सजावट और साउंड सिस्टम लगाए गए हैं और चेंजिंग रूम का निर्माण चल रहा है। रास्ते में रोशनी और सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
स्थानीय व्रतियों, ग्रामीणों और समाजसेवियों ने इस पहल की सराहना की है। ग्रामीण मदन प्रसाद गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, जयनंदन साव और संजय कुमार ने कहा कि इससे व्रतियों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। लोगों ने मुखिया के प्रति आभार जताया।
















Total Users : 1266612
Total views : 3133594