वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पंचायत शिफ्टेड प्रज्ञा केंद्रों के संचालकों के साथ की बैठक, समस्याओं से हुए अवगत
मयूरहंड (चतरा)। मयूरहंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी (बीडीओ सह सीओ) मनीष कुमार ने शुक्रवार को गूगल मीट के माध्यम से पंचायत भवनों में संचालित शिफ्टेड प्रज्ञा केंद्रों के वीएलई (VLE) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर बैठक की। बैठक में उन्होंने प्रज्ञा केंद्र संचालकों की समस्याओं को सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्यों पर विशेष चर्चा की गई। बीडीओ सह सीओ ने संचालकों को निर्देश दिया कि प्रमाण पत्रों के ऑनलाइन आवेदन में पूरी पारदर्शिता बरतें और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई संचालक जानबूझकर फर्जी प्रमाण पत्र बनाने या ऑनलाइन कराने में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मनीष कुमार ने बताया कि झारखंड के कई प्रज्ञा केंद्र संचालकों के विरुद्ध फर्जी प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मयूरहंड प्रखंड में इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। सभी प्रज्ञा केंद्र संचालक अपने कार्यों को पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने संचालकों को आश्वस्त किया कि प्रज्ञा केंद्र के संचालन या प्रमाण पत्रों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे उनसे मिल सकते हैं अथवा फोन के माध्यम से अपनी समस्या बता सकते हैं। समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में पंचायत भवनों में संचालित शिफ्टेड प्रज्ञा केंद्रों के सभी संबंधित वीएलई मौजूद रहे।

















Total Users : 1232455
Total views : 3084424