Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

प्रखंड-अंचल कार्यालय का डीसी ने किया निरीक्षण, समय पर उपस्थिति और शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

एसआईआर-2026 के कार्यों की बीएलओ के साथ हुई समीक्षा; हंटरगंज बाजार और पांडेयपुरा के पूजा पंडालों का भी लिया जायजा

हंटरगंज (चतरा)। उपायुक्त रवि आनंद ने शुक्रवार को हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र का दौरा कर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, पदाधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति तथा संधारित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। साथ ही कार्यालय के कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को एकत्रित कर उनका परिचय लिया और उनके कार्यदायित्वों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी और कर्मी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन हो, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय में एसआईआर-2026 के तहत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की। इस दौरान 5 से 10 अक्टूबर 2026 तक पंचायतवार आयोजित विशेष डिजिटलीकरण शिविरों और 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक चल रहे विशेष संपर्क अभियान के कार्यों की बीएलओ के साथ बिंदुवार समीक्षा की गई। विशेष संपर्क अभियान के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, 50 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर व्यक्तियों और अनाथालयों तक पहुंचकर निर्धारित कार्य पूरे करने की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और बीएलओ को कार्य गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।

कार्यालय निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने हंटरगंज बाजार और पांडेयपुरा पंचायत क्षेत्र में दुर्गापूजा के अवसर पर स्थापित पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडालों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद कर पर्व की तैयारियों की जानकारी ली। उपायुक्त ने जिलेवासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। इस मौके पर अंचल अधिकारी हंटरगंज ऋतिक कुमार, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment