बाजे-गाजे और जयकारों के बीच बेल वृक्ष के पास हुई वैदिक पूजा, मां कात्यायनी की हुई विशेष आराधना; दोनों प्रखंडों में भक्ति का माहौल
गिद्धौर/मयूरहंड (चतरा)। शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि पर शुक्रवार को जिले के गिद्धौर और मयूरहंड प्रखंड में मां कात्यायनी की विशेष पूजा-अर्चना और पारंपरिक बेल निमंत्रण का भव्य आयोजन किया गया। दोनों जगह दुर्गा मंडप से बाजे-गाजे के साथ शोभायात्रा निकली और श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाते हुए बेल वृक्ष के समीप पहुंचकर माता को न्योता दिया। मान्यता है कि बेल वृक्ष में देवी का वास होता है और बेल निमंत्रण के बाद ही दुर्गा पूजा का मुख्य अनुष्ठान शुरू होता है।
गिद्धौर के बारिसाखी में

गिद्धौर प्रखंड के बारिसाखी पंचायत स्थित गांव में कार्यक्रम दुर्गा पूजा अध्यक्ष देव कुमार साहू के नेतृत्व में हुआ। दुर्गा मंडप से ढोल-नगाड़े के साथ निकली शोभायात्रा “जय माता दी” के जयकारों के बीच मायाडीह गांव पहुंची। वहां बेल वृक्ष के समीप आचार्य लक्ष्मी पांडेय और विकास पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर बेलभरणी माता को न्योता दिया। पूजा अध्यक्ष देव कुमार साहू ने बताया कि परंपरा के अनुसार बेल निमंत्रण के बाद शनिवार शाम मां शेरावाली के पट खुलेंगे और श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हो जाएगा।
इस अवसर पर शिक्षक मुनीश्वर यादव, प्रसादी पासवान, मुखिया प्रतिनिधि दिनेश भारती, पूर्व अध्यक्ष शिवकुमार यादव, सुरेंद्र तिवारी, भुनेश्वर साहू, विनोद साहू, विकास कुमार बीकू, मनोज कुमार साहू, जितेंद्र कुमार पंडित, पूजा समिति के सदस्य और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
मयूरहंड के ढोढ़ी मंधनिया में
मयूरहंड प्रखंड के ढोढ़ी मंधनिया गांव में मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की विशेष पूजा हुई। दुर्गा पूजा अध्यक्ष सुभाष कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। दुर्गा मंडप से निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए गांव पहुंचे। बेल वृक्ष के समीप आचार्य अरुण पांडेय और पंकज पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा कर बेलभरणी माता को निमंत्रण दिया। पूजा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि बेल निमंत्रण के बाद शनिवार की शाम मां शेरावाली के पट खोले जाएंगे, जिसके साथ श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। आयोजन को लेकर दोनों प्रखंडों में भक्तिमय माहौल है। कार्यक्रमों में पूजा समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु शामिल रहे।


















Total Users : 1232459
Total views : 3084428