समाहरणालय में एनसीओआरडी की समीक्षा बैठक, प्रखंड टास्क फोर्स हर सप्ताह करेगा बैठक; चिह्नित संलिप्त लोगों पर जिला बदर की कार्रवाई की तैयारी
चतरा। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में गुरुवार को उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कंट्रोल समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अवैध अफीम की खेती की रोकथाम, पूर्व में चिह्नित क्षेत्रों में विनष्टीकरण अभियान, जन-जागरूकता गतिविधियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में अवैध अफीम की खेती, खरीद-बिक्री और इससे जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी रोक के लिए पूरी तत्परता से काम करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार राज्य में किसी भी परिस्थिति में अफीम की अवैध खेती और खरीद-बिक्री नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से जरूरी निरोधात्मक और कानूनी कार्रवाई करें। उन्होंने थाना प्रभारियों और अंचल अधिकारियों से क्षेत्रवार जानकारी ली और अवैध खेती की आशंका वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स को हर सप्ताह बैठक कर की गई कार्रवाई की समीक्षा करने और प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी चौकीदारों को अपने क्षेत्र में सतर्क रहने और अवैध अफीम की खेती से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत संबंधित थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा कि चौकीदारों से उनके क्षेत्र में अवैध खेती नहीं होने का प्रमाण-पत्र लिया जाए। प्रमाण-पत्र देने के बावजूद यदि अवैध खेती पाई गई, तो जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई होगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित चौकीदार की सेवा समाप्ति सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने वन विभाग, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन को आपसी तालमेल से काम करने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पहले से अवैध अफीम की खेती और खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उन पर कानूनी कार्रवाई करने और जिला बदर की कार्रवाई के लिए ऐसे लोगों की सूची तुरंत उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) राहुल मीणा ने कहा कि वन क्षेत्रों में अफीम की खेती की तैयारी करने वालों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की अवैध अफीम की खेती के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति है और वन विभाग भी इसी दृष्टिकोण से काम करेगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी), सिमरिया के अनुमंडल पदाधिकारी, चतरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी संबंधित अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।


















Total Users : 1231190
Total views : 3082720