समाहरणालय में 24 आवेदनों पर हुई चर्चा, पुनर्वास, बच्चों की शिक्षा और आवास सुविधा की समीक्षा; आवंटन की कमी हो तो विभाग करें मांग
चतरा। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में माओवादी आत्मसमर्पण से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कुल 24 आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें आत्मसमर्पण करने वाले लोगों को सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाले लाभ और सुविधाओं की समीक्षा की गई। बैठक में आत्मसमर्पित लोगों और उनके परिवारों के पुनर्वास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। बच्चों की शिक्षा, आवासीय सुविधा सहित सरकार द्वारा तय अन्य लाभों की उपलब्धता को भी परखा गया।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जांच करें और पात्र लाभुकों को देय लाभ सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि यदि आवंटन के अभाव में किसी पात्र लाभुक को लाभ देने में कठिनाई हो रही है, तो संबंधित विभाग जरूरी आवंटन की मांग करें, ताकि कोई भी लाभुक सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

उपायुक्त ने पुनर्वास के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जरूरी कार्रवाई करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, सिमरिया के अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार महतो, चतरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, सामान्य शाखा प्रभारी विनय कुमार, सभी संबंधित अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
















Total Users : 1231190
Total views : 3082720