रामपुर, छत्तीसी, बत्तीसी और हरिहरबाड़ी तालाब का किया औचक निरीक्षण, सार्वजनिक स्थानों पर गोबर फेंकने वाले खटाल संचालकों को नोटिस देने का आदेश
देवघर (झारखंड)। पूजा और धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर शहर की स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने बुधवार को शहर के विभिन्न तालाबों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रविवार तक तालाबों के आसपास जमा कचरे और प्रतिमा विसर्जन के अवशेषों को हटाने का निर्देश दिया।
चार तालाबों की सफाई पर विशेष जोर

नगर आयुक्त ने रामपुर, छत्तीसी, बत्तीसी और हरिहरबाड़ी स्थित तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाबों के आसपास बिखरे कचरे को हटाने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया। सफाई निरीक्षक को निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा कराने और नियमित निगरानी करने को कहा गया।
सार्वजनिक स्थानों पर गोबर फेंकने पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 22 और 24 में कुछ खटाल संचालकों द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर गोबर फेंके जाने का मामला भी सामने आया। नगर आयुक्त ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गोबर और अन्य अपशिष्ट फेंकने से गंदगी फैलती है तथा नालियां जाम होने से आम लोगों को परेशानी होती है। ऐसे मामलों में नियमों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
सफाईकर्मियों को समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश
नगर आयुक्त ने संबंधित वार्डों के जमादारों और सफाईकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित कूड़ा उठाव और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने रविवार तक सफाई कार्य पूरा करने और व्यवस्था की निगरानी करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक सतीश कुमार, मनीष कुमार तिवारी, सेनेटरी सह फूड इंस्पेक्टर प्रेम राज, सुनील मेहता, दीपक कुमार महतो तथा संबंधित वार्डों के जमादार उपस्थित थे।

















Total Users : 1231190
Total views : 3082725