मेरा युवा भारत चतरा का कार्यक्रम, उपप्रमुख बोले- परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति निभाएं जिम्मेदारी
हंटरगंज (चतरा)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), चतरा की ओर से शुक्रवार को प्रखंड सभागार, हंटरगंज में “नशा मुक्त युवा” विषय पर प्रखंड स्तरीय नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
मुख्य अतिथि हंटरगंज प्रखंड के उपप्रमुख राहुल गुप्ता थे। आर.एन.आर. +2 उच्च विद्यालय, हंटरगंज के प्राचार्य अनूप कुमार भी मौजूद रहे। अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी धीरेंद्र कुमार ने की।
विशेषज्ञ विनय कुमार सिंह और उमेश कुमार ने नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक व सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से बात की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
उपप्रमुख राहुल गुप्ता ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और परिवार, समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। प्राचार्य अनूप कुमार ने कहा कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता में ऐसे कार्यक्रमों की अहम भूमिका होती है।
अध्यक्षीय संबोधन में जिला युवा अधिकारी धीरेंद्र कुमार ने कहा कि युवाशक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी संपत्ति है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास, खेलकूद और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। उन्होंने नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में युवाओं ने स्लोगन बॉक्स में नशामुक्ति पर नारे और विचार लिखे। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी प्रेरित करने और नशामुक्त समाज बनाने में योगदान देने की शपथ ली।
आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक दिनेश यादव और शुभम कुमार का सराहनीय योगदान रहा, जबकि कार्यालय सहायक जयनाथ कुमार यादव ने व्यवस्था और संचालन की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम का समापन युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील के साथ हुआ।























Total Users : 1224635
Total views : 3073702