सांसद प्रतिनिधि ने आम्रपाली-चंद्रगुप्त परियोजना के महाप्रबंधक को सौंपा पत्र, लंबित सत्यापन के बाद मुआवजा व नौकरी देने की भी मांग
टंडवा (चतरा)। सीसीएल द्वारा रैयती जमीन के बदले जमीन मालिकों को प्रति एकड़ दी जाने वाली 9 लाख रुपये की मुआवजा राशि बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में बुधवार को आम्रपाली-चंद्रगुप्त परियोजना के महाप्रबंधक संजीव कुमार से ग्राम विकास समिति के सांसद प्रतिनिधि अर्जुन राम ने मुलाकात कर मांगों से संबंधित पत्र सौंपा।
पत्र के माध्यम से रैयती जमीन के बदले प्रति एकड़ 20 लाख रुपये भुगतान करने के साथ परियोजना क्षेत्र के रैयतों की लंबित जमीनों का सत्यापन कराकर यथाशीघ्र मुआवजा एवं नौकरी देने की मांग की गई। इसके अलावा टंडवा के चुंदरु से किसुनपुर तक सड़क पर धूलकणों की सफाई तथा नियमित रूप से टैंकर से पानी का छिड़काव कराने की मांग भी रखी गई।
स्थानीय बेरोजगार वाहन चालकों को रोजगार देने की मांग
सांसद प्रतिनिधि ने शिवपुर रेलवे साइडिंग तक कोयले की ढुलाई करने वाली एवीएस इंटरप्राइजेज में होन्हे गांव के कई बेरोजगार वाहन चालकों को तत्काल नियोजित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।
सूत्रों के अनुसार, रैयती जमीन के बदले जमीन मालिकों को मिलने वाली 9 लाख रुपये की राशि का मुद्दा अब सीसीएल की आम्रपाली-चंद्रगुप्त के साथ मगध और संघमित्रा परियोजनाओं के विस्तार में भी प्रमुखता से उठने की संभावना है। इधर, जीएम संजीव कुमार ने मामले में समुचित पहल का भरोसा देते हुए परियोजना पदाधिकारी एवं एनसीसी कंपनी के जीएम को आगे की कार्रवाई के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।




















Total Users : 1220280
Total views : 3067825