स्वास्थ्य केंद्रों में भुगतान में लापरवाही का आरोप, छह माह से एक वर्ष तक कर्मियों के मानदेय भी लंबित
चतरा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं एवं कर्मियों के लिए निर्गत राशि के भुगतान में कथित लापरवाही और अनदेखी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से संचालित योजना के तहत प्रसव के बाद पात्र महिलाओं को मिलने वाली 1400 रुपये की प्रोत्साहन राशि पिछले करीब तीन वर्षों से लावालौंग और सिमरिया स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाली कई लाभुक महिलाओं को नहीं मिली है।
बताया गया कि सिमरिया चिकित्सा प्रभारी के निर्देश पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर आधार कार्ड और बैंक पासबुक के साथ लावालौंग स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। महिलाओं के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद विभागीय व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं के लिए यह राशि काफी महत्वपूर्ण है। कई कामकाजी महिलाएं अपना काम छोड़कर दिनभर जरूरी दस्तावेज जमा कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्र का चक्कर काटती रहीं।
कर्मियों के मानदेय व प्रोत्साहन राशि में भी देरी
स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कुरियर कर्मियों, एंबुलेंस चालकों एवं अन्य कर्मियों के अलावा स्वास्थ्य सहियाओं के मानदेय और प्रोत्साहन राशि के भुगतान में भी देरी की शिकायत सामने आई है। कर्मियों के अनुसार, किसी का भुगतान करीब छह माह से तो किसी का एक वर्ष से लंबित है।
मुखिया नेमन भारती ने मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी लापरवाही और अनदेखी के लिए आखिर जिम्मेवार कौन है। उन्होंने जिला के वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।

विधायक ने उपायुक्त से बात करने की कही बात
सिमरिया विधायक कुमार उज्जवल दास ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। वह जल्द ही पूरे मामले की जानकारी जुटाकर उपायुक्त से मिलकर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी संबंधित व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसे हटाने और सख्त कार्रवाई कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
प्रभारी और लेखापाल ने एक-दूसरे पर डाली जिम्मेदारी
मामले को लेकर प्रभारी बीएन प्रसाद से पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उक्त विषयों की जानकारी लेखापाल के पास है और उनसे जानकारी लेने की बात कही।
वहीं, लेखापाल से पूछे जाने पर उन्होंने भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उनका कहना था कि वे केवल सहियाओं से संबंधित कार्य देखते हैं, जबकि शेष जानकारी प्रभारी ही दे सकते हैं। इस तरह दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के जिम्मे जानकारी बताते हुए मामले पर स्पष्ट स्थिति सामने नहीं रखी गई।
अब सवाल उठ रहा है कि पात्र लाभुक महिलाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की लंबित राशि का भुगतान कब तक होगा और करीब तीन वर्षों से भुगतान नहीं होने के मामले में जिम्मेदारी किसकी तय की जाएगी।


















Total Users : 1284711
Total views : 3161424