Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

विधायक ने NHAI परियोजना निदेशक से की अहम बैठक

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

सड़कों की मरम्मत, बाईपास के विकास, जलनिकासी और प्रकाश व्यवस्था को लेकर प्राथमिकता से कार्य कराने पर हुई चर्चा

हजारीबाग (झारखंड), न्यूज स्केल संवाददाता : हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र में सड़क और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विधायक प्रदीप प्रसाद ने बुधवार को अपने आवासीय कार्यालय में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक आशुतोष कुमार से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में NHAI के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मौजूदा स्थिति तथा आम लोगों की यातायात संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान विधायक ने क्षेत्र की प्रमुख सड़क समस्याओं को NHAI परियोजना निदेशक के समक्ष रखते हुए आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और यातायात व्यवस्था में आम लोगों की सुविधा के साथ उनकी सुरक्षा को भी प्रमुखता दी जानी चाहिए।

विधायक ने भारत माता चौक के आसपास सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य शीघ्र कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है, ऐसे में सड़क की स्थिति में सुधार से लोगों को राहत मिलने के साथ यातायात सुरक्षा भी बेहतर हो सकती है।

बैठक में सिंदूर से कनहरी होते हुए भारत माता चौक तक जाने वाली बाईपास सड़क को सुगम बनाने तथा आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने पर भी चर्चा हुई। रात्रि में आवागमन करने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए लाइटिंग को महत्वपूर्ण बताया गया।

इस मार्ग के सौंदर्यीकरण के जरिए इसे मॉडल सड़क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी विधायक की ओर से रखा गया। इसके अलावा ओवरब्रिज के नीचे से गुजरने वाली बाईपास सड़क की मरम्मत, सड़क की स्थिति में सुधार और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

विधायक ने क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र में सड़क और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।

न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment