Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

हरियाणा क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, कथित अफीम तस्करी मामले में आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

570 ग्राम अफीम बरामदगी की जांच में सामने आया कनेक्शन, स्थानीय पुलिस के सहयोग से बंगला मुहल्ला में छापेमारी

कुड़ू (लोहरदगा)। न्यूज स्केल संवाददाता : अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा क्राइम ब्रांच की टीम ने लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुड़ू के बंगला मुहल्ला निवासी इमरान अली उर्फ टिंकू के रूप में बताई गई है। कार्रवाई के बाद क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को अपने साथ हरियाणा ले गई। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर को कुड़ू से कथित तौर पर 570 ग्राम अफीम पंजाब भेजी गई थी। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में वाहन जांच के दौरान पंजाब जा रहे एक मालवाहक ट्रक से अफीम बरामद होने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक पंजाब निवासी कमलदीप ने पूछताछ में बताया कि अफीम झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू स्थित एक दुकान से खरीदी गई थी।

इसके बाद कुरुक्षेत्र पुलिस ने मामले की जांच हरियाणा क्राइम ब्रांच को सौंप दी। क्राइम ब्रांच की पूछताछ में कथित अवैध अफीम कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, चालक का काम कुड़ू से अफीम लेकर पंजाब पहुंचाना था। उसकी निशानदेही पर एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कुड़ू के एक दुकानदार से अफीम खरीदने की जानकारी मिलने का दावा किया गया।

इसी जांच के क्रम में हरियाणा क्राइम ब्रांच के एसआई नरेंद्र के नेतृत्व में टीम बुधवार सुबह कुड़ू पहुंची। स्थानीय थाना प्रभारी अजीत कुमार को मामले की जानकारी देने के बाद उनके निर्देश पर अवर निरीक्षक जैनी सुधा तिग्गा ने क्राइम ब्रांच की टीम के साथ बंगला मुहल्ला में छापेमारी की। इसी दौरान इमरान अली उर्फ टिंकू को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक और पंजाब तक अफीम पहुंचाने वाले युवक ने इमरान की पहचान उस व्यक्ति के रूप में की, जिससे 18 सितंबर को अफीम खरीदने का दावा किया गया था। मेडिकल जांच के बाद हरियाणा क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को अपने साथ हरियाणा ले गई।

हरियाणा क्राइम ब्रांच के एसआई नरेंद्र के अनुसार, अवैध अफीम की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के रास्ते नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। छापेमारी टीम में हरियाणा क्राइम ब्रांच के एएसआई प्रवेश, आरक्षी प्रदीप और तकनीकी शाखा के जसविंदर भी शामिल रहे।

न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment