Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

पुलिस-बलों का सघन सर्च अभियान, इंसास और AKM समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

छोटा बांकी, कुड़लुंग पहाड़ और जोभी जंगल में चला अभियान; 2 राइफल, 232 राउंड गोली और 5 मैगजीन जब्त

जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), संवाददाता। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर एमजीएम और चाकुलिया थाना क्षेत्र के जंगल एवं पहाड़ी इलाकों में पुलिस, CoBRA, STF और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने बुधवार को व्यापक सर्च अभियान चलाया। अभियान सुबह 5 बजे से शाम 4 बजे तक जारी रहा। इस दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध स्थलों की तलाशी लेते हुए छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, अभियान भाकपा माओवादी से जुड़े मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर चलाया गया। टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी एवं कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में दुर्गम पहाड़ी और जंगली इलाकों की व्यवस्थित तरीके से तलाशी ली।

कुड़लुंग पहाड़ से इंसास राइफल बरामद

सर्च अभियान के दौरान कुड़लुंग पहाड़ से एक इंसास राइफल, 85 चक्र गोली, तीन मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की गई। वहीं, चाकुलिया के जोभी जंगल से एक AKM राइफल, 147 चक्र गोली और दो मैगजीन बरामद हुईं। इस तरह संयुक्त अभियान में कुल दो राइफल, 232 चक्र गोली और पांच मैगजीन बरामद की गईं। बरामद हथियारों और गोला-बारूद को पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है।

कई सुरक्षा बलों की संयुक्त भागीदारी

अभियान में DSP पटमदा दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार और चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार समेत पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। इसके अलावा एमजीएम थाना के SI सुगना मुंडा और ASI मजीउद्दीन ने भी अभियान में भाग लिया।

सर्च ऑपरेशन में CoBRA-209 और CoBRA-203, झारखंड जगुआर की Assault Group-27 तथा STF की टीम भी शामिल रही। झारखंड जगुआर की ओर से SI रमेश कुमार बरनवाल और SI संदीप बनर्जी तथा STF की ओर से इंस्पेक्टर इश्तियाक अहमद सहित अन्य जवान अभियान में शामिल थे।

आगे भी जारी रहेगा सर्च अभियान

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान मिले तथ्यों और बरामद हथियारों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए आगे भी सघन निगरानी और सर्च अभियान जारी रखने की बात कही है।

न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment