Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

करमा पर्व पर मातम, नदी में डूबने से चार युवकों की मौत

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

कोयल नदी में पांच लड़के डूबे, चार के शव बरामद; एक की तलाश जारी, दूसरी घटना में 17 वर्षीय युवती की भी मौत

पलामू (झारखंड) : झारखंड के पलामू जिले में करमा पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब अलग-अलग घटनाओं में नदी में डूबने से चार युवकों और एक 17 वर्षीय युवती की मौत हो गई। पहली घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव के समीप कोयल नदी में हुई, जहां करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने गए पांच लड़के गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। इनमें चार की मौत हो गई, जबकि एक युवक की तलाश जारी है।

कोयल नदी में पांच लड़के डूबे

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह बोकेया पतरिया गांव के पांच लड़के करमा पूजा की सामग्री लेकर कोयल नदी में विसर्जन करने पहुंचे थे। नदी में आगे बढ़ने के दौरान सभी अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से चार लड़कों के शव नदी से बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान नीतीश सिंह (18), अमित ठाकुर (22), राजा सिंह (12) और विशाल पासवान (16) के रूप में हुई है। पांचवें युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।

घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, नदी में पानी का स्तर बढ़ा हुआ है और बहाव भी तेज है।

विधायक ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

घटना की जानकारी मिलने के बाद डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया भी घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि करमा पर्व की खुशियां देखते ही देखते गम में बदल गईं। विधायक ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

जिंजोई नदी में 17 वर्षीय युवती की डूबने से मौत

पलामू जिले में ही दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र के हिसरा बरवाडीह के नानी झरिया गांव में हुई। यहां दिलीप पासवान की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी सिंपी कुमारी की जिंजोई नदी में डूबने से मौत हो गई।

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे सिंपी अपनी सहेलियों के साथ करमा पर्व का झुर बहाने यानी पूजा सामग्री के विसर्जन के लिए गांव के समीप स्थित जिंजोई नदी गई थी। विसर्जन के दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई।

ग्रामीणों ने उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। एमएमसीएच परिसर में स्थित पुलिस चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

घटनाओं पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से शोक व्यक्त किया। उन्होंने करम डाली विसर्जन के दौरान नदी में डूबने की घटना को अत्यंत दुखद बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की।

करमा पर्व के दौरान हुई इन घटनाओं से पलामू जिले के संबंधित गांवों में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment