गणेश चतुर्थी: लोहरदगा में धूमधाम से विराजे विघ्नहर्ता, 10 दिवसीय गणेशोत्सव शुरू
चार दर्जन से अधिक स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित, आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमग हुए पंडाल
लोहरदगा। रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव का दस दिवसीय महापर्व गणेश चतुर्थी से श्रद्धा व उल्लास के साथ शुरू हो गया। भाद्रपद शुक्लपक्ष चतुर्थी के अवसर पर जिले भर में भक्तिमय माहौल है। शहरी क्षेत्र में एक दर्जन और पूरे जिले में लगभग चार दर्जन स्थानों पर भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। जिले के पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। राणा चौक, बड़ा तालाब, बौली बगीचा, किस्को मोड़, पतराटोली, बसारटोली, कृषि मार्केट सहित सेन्हा, कुड़ू, भंडरा और किस्को स्थित पूजा पंडालों में की गई विद्युत सज्जा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। किस्को मोड़ शांति नगर का भव्य पंडाल और रोशनी श्रद्धालुओं को खासा आकर्षित कर रही है। देर रात तक दर्शन और वंदना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। जिस प्रकार बंगाल में दुर्गा पूजा और महाराष्ट्र में गणेशोत्सव घर-घर मनाया जाता है, उसी तर्ज पर अब यह पर्व देश के हर हिस्से में अपनी गहरी छाप छोड़ रहा है। लोहरदगा में भी इस आयोजन से सामाजिक समरसता और सनातन परंपरा और अधिक सुदृढ़ हो रही है। पंडित रामाधार पाठक ने बताया कि चतुर्थी तिथि के अधिष्ठाता देवता भगवान गणेश रिद्धि-सिद्धि और विवेक प्रदान करते हैं। बृहस्पति ज्ञान के दाता हैं और वायु देव मनुष्य के पंच प्राणों को संतुलित रखते हैं। ज्ञान और बुद्धि का यह संतुलन हर कार्य में सिद्धि दिलाता है। मान्यता है कि गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान गणेश के विशेष नामों की स्तुति करने से समस्त विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं और घर-परिवार में सुख-समृद्धि का वास होता है।पंडित पाठक के अनुसार, इस वर्ष गणेशोत्सव का शुभारंभ अत्यंत शुभ नक्षत्र और दुर्लभ गुरु-स्वाति योग के महासंयोग में हुआ है। ज्योतिषीय दृष्टि से यह योग साधना, अनुष्ठान और नए कार्यों के शुभारंभ के लिए सर्वश्रेष्ठ माना गया है। इस शुभ योग में दस दिनों तक की जाने वाली विधिवत पूजा और श्रीगणेश के दस प्रमुख नामों (सुमुख, एकदंत, कपिल, गजकर्णक, लंबोदर, विकट, विघ्ननाशक, विनायक, धूम्रकेतु, गणाध्यक्ष) का दैनिक पाठ समस्त संकटों और ग्रह-दोषों को दूर कर मनोवांछित फल प्रदान करता है।




















Total Users : 1184049
Total views : 3017865