सरिया लदा ट्रेलर हादसे का शिकार, केबिन में घुसी सरिया से दोनों की मौके पर ही गई जान
रामगढ़, संवाददाता।
रामगढ़-रांची फोरलेन मार्ग पर चुट्टूपालू घाटी में 7 सितंबर की देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रांची से रामगढ़ की ओर आ रहा सरिया लदा ट्रेलर संख्या WB 37 L 7826 घाटी उतरने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर खाली स्थान में जा घुसा। इसके आगे गड्ढा होने के कारण ट्रेलर करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि ट्रेलर में भारी मात्रा में सरिया लदा था। हादसे के दौरान ट्रेलर के अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरते ही सरिया आगे की ओर खिसक गया। सरिया ने केबिन की चेचिस को तोड़ते हुए अंदर तक प्रवेश कर गया। इससे चालक और उपचालक को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
एक शव निकाला गया, दूसरे को निकालने का प्रयास जारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और संबंधित टीमों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एक मृतक के शव को बाहर निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे शव को निकालने का प्रयास जारी था। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दुर्घटना की सूचना मिलने पर संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रहे हादसे
चुट्टूपालू घाटी में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन और एनएचएआई की ओर से समय-समय पर विभिन्न प्रयास किए जाते रहे हैं। घाटी में स्पीड ब्रेकर बनाने के साथ-साथ वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं।
इसके बावजूद घाटी क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में चिंता का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि दुर्घटना संभावित इस क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की जरूरत है, ताकि हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
न्यूज़ स्केल लाइव | भरोसे की पहचान






















Total Users : 1178070
Total views : 3009751