निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 182 मरीजों का हुआ इलाज, मिलीं मुफ्त दवाइयां
सेन्हा/लोहरदगा। सेन्हा प्रखंड के उरू तेतरटोली गांव में गुरुवार को एसबीआई फाउंडेशन एवं परिवर्तन समाज विकास समिति, लोहरदगा के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा के साथ-साथ मुफ्त जांच और दवाइयों की सुविधा प्रदान की गई। स्वास्थ्य शिविर में मुख्य रूप से रांची के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव रंजन ने अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने जोड़ों के दर्द, रीढ़ की हड्डी और हड्डियों से जुड़ी अन्य समस्याओं से ग्रसित मरीजों का विशेषज्ञ परामर्श के साथ उपचार किया। शिविर के दौरान कुल 182 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें से 58 मरीजों के आवश्यक लैब टेस्ट 152 पूरी तरह निःशुल्क किए गए। इसके अलावा डॉक्टरों की सलाह के अनुसार मरीजों के बीच मुफ्त दवाइयों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के जिला समन्वयक विवेक मिश्रा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविरों का आयोजन जारी रहेगा ताकि अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें। इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में ग्राम प्रधान रामदेव टाना भगत, सेविका धनी उरांव, अंकिता टोप्पो, बिटीटी सुनील महतो, लैब तकनीशियन विकास गुप्ता, नर्स विलासी कुमारी एवं फार्मा मनीषा कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने उपस्थित होकर दी जा रही सेवाओं का लाभ उठाया।



















Total Users : 1170424
Total views : 2999622