सरस्वती शिशु मंदिर में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर रूप सज्जा, मटकी फोड़ व सांस्कृतिक कार्यक्रम
लोहरदगा। जिला मुख्यालय स्थित सुंदरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पावन पूर्व संध्या पर भव्य रूप सज्जा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में पहुंचे बच्चों से विद्यालय परिसर का माहौल भक्तिमय हो गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बहन शान्वी, ईशानी, योगिता भारती एवं उनकी सहेलियों ने ‘मनिहारी का रूप बनाया, श्याम चूड़ी बेचने आया’ विषय पर नाटक एवं नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों के अभिनय और नृत्य ने अभिभावकों व दर्शकों का मन मोह लिया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रतिभा और प्रस्तुति की सराहना की।
भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ते हैं ऐसे आयोजन
कार्यक्रम में मातृशक्ति सुमन राय, रेणु अग्रवाल, कनक लता, बेबी कुमारी, सरिता जायसवाल एवं कमलावती सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र पांडे ने श्रीकृष्ण जन्म की कथा और भगवद्गीता के उपदेशों से जुड़े श्लोकों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय नई पीढ़ी तक भारतीय संस्कृति और संस्कार पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
संकुल प्रमुख संजीव कुमार झा एवं गुमला विभाग प्रमुख ओम प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन अशोक सिंह ने किया। प्रसारण व्यवस्था में राहुल कौशल एवं पारस का योगदान रहा। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या एवं सहयोगी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ।






















Total Users : 1170456
Total views : 2999657