मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक
रांची। झारखंड में जारी छात्र आंदोलन के बीच राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। छात्रों की मांगों के समर्थन में भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया, जिसके बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत बड़ी संख्या में विधायक और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंच गए। प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राज्य सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। भाजपा नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक और झड़प की स्थिति भी बनी। भाजपा कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं थे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर रांची के खेलगांव ले जाया गया।
बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर छात्रों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के मुद्दे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। वहीं, भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
छात्र आंदोलन के बीच बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
झारखंड में छात्रों का आंदोलन पहले से ही जारी है। इसी बीच भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने से राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया। प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई। रांची एसपी ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
खेलगांव में हिरासत में रखे गए भाजपा नेता
मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे भाजपा विधायक, नेता और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोकते हुए हिरासत में लिया। इसके बाद सभी को खेलगांव ले जाया गया। वहां भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। फिलहाल छात्र आंदोलन को लेकर झारखंड में सियासी टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है। भाजपा जहां छात्रों के मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बना रही है, वहीं प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहा है।





















Total Users : 1118267
Total views : 2936543