गर्म जलकुंड में स्नान कर मां बागेश्वरी की पूजा, शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत बलबल स्थित प्रसिद्ध मां बागेश्वरी मंदिर में सावन की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गर्म जलकुंड में स्नान कर मां बागेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इसके अलावा श्रद्धालुओं ने गांगपुर शिव मंदिर, कौलेश्वरी मंदिर, बटेश्वर शिव मंदिर, सूर्य मंदिर एवं ठाकुरवाड़ी मंदिर समेत प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजते रहे।

पंडितों के अनुसार सावन की सोमवारी भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष रूप से शुभ मानी जाती है। इस दिन व्रत रखकर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा और जलाभिषेक करने से भक्तों के कष्ट दूर होने तथा मनोकामनाएं पूर्ण होने की धार्मिक मान्यता है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विभिन्न मंदिरों की प्रबंधन समितियों के सदस्य व्यवस्था संभालने और भीड़ नियंत्रण में जुटे रहे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूजा-अर्चना सुचारू रूप से संपन्न हो, इसके लिए समिति के सदस्य पूरे दिन सक्रिय रहे।



















Total Users : 1118307
Total views : 2936593