डीसी ने कहा—पात्र मजदूरों को रोजगार से वंचित करने पर होगी त्वरित कार्रवाई
चतरा। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) सह प्रशिक्षण भवन सभागार, चतरा में जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रवि आनंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण के दौरान विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, झारखंड में मिशन के प्राथमिक कार्य, विभिन्न प्रावधानों एवं संबंधित धाराओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा एसएनए-स्पर्श (SNA-SPARSH) से संबंधित प्रक्रिया एवं प्रावधानों तथा मनरेगा और विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन के बीच अंतर के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में योजना के प्रावधानों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का उचित अनुपालन सुनिश्चित करने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई। प्रखंड एवं पंचायत स्तर के संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को भी प्रशिक्षण देने की जानकारी दी गई, ताकि योजना का क्रियान्वयन सभी स्तरों पर निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप हो सके।
मजदूरों को रोजगार से वंचित करने पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त रवि आनंद ने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना के अंतर्गत होने वाले सभी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि किसी कर्मचारी या संबंधित पदाधिकारी की लापरवाही के कारण कोई भी मजदूर रोजगार से वंचित नहीं होना चाहिए। मजदूरों से संबंधित शिकायत मिलने पर उसका गंभीरता से संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण के दौरान मिली जानकारी और मिशन के प्रावधानों को अच्छी तरह समझकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशिक्षण के दौरान सहायक परियोजना पदाधिकारी प्रदीप कुमार, कनीय अभियंता रूपेश कुमार, कंप्यूटर सहायक अभिषेक सिंह एवं एमआईएस सहायक मार्गुण आलम ने संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण एवं आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, इटखोरी बीडीओ सोमनाथ बांकीरा, जिला परियोजना पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के बीपीओ, कंप्यूटर ऑपरेटर समेत योजना से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



















Total Users : 1118323
Total views : 2936612