Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

फसल बीमा जागरूकता के लिए प्रचार रथ रवाना

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

डीसी ने दिखाई हरी झंडी, ₹1 के सांकेतिक प्रीमियम पर किसान करा सकेंगे खरीफ फसलों का बीमा

चतरा। बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खरीफ 2026-27 के सफल क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से उपायुक्त रवि आनंद ने समाहरणालय परिसर से जिला सहकारिता विभाग द्वारा तैयार प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रचार रथ 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार भ्रमण करेगा। इस दौरान किसानों को फसल बीमा योजना के प्रावधान, पात्रता, प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देकर निर्धारित समय-सीमा में बीमा कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।

उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि प्राकृतिक आपदा एवं प्रतिकूल मौसम के कारण फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में फसल बीमा योजना महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।

₹1 में होगा फसल बीमा, 31 अगस्त तक करा सकेंगे पंजीकरण

बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खरीफ 2026-27 के तहत किसान मात्र ₹1 के सांकेतिक प्रीमियम पर अधिसूचित फसलों का बीमा करा सकते हैं। अधिमूल्य की शेष राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। चतरा जिले में अगहनी धान की प्रति हेक्टेयर बीमित राशि ₹63,558 और भदई मकई की प्रति हेक्टेयर बीमित राशि ₹48,513 निर्धारित की गई है।

कम वर्षा या प्रतिकूल मौसम के कारण बुवाई विफल होने, फसल कटाई के बाद 14 दिनों तक खेत में सुखाने के दौरान चक्रवात, बेमौसम बारिश या ओलावृष्टि से नुकसान होने तथा फसल कटाई प्रयोग में उपज निर्धारित सीमा से कम आने जैसी परिस्थितियों में योजना के प्रावधानों के अनुसार दावा भुगतान किया जाएगा।

ऋणी किसानों का बीमा संबंधित ऋणदायी संस्था द्वारा नियमानुसार किया जाएगा। वहीं गैर-ऋणी किसान बैंक शाखा, कोऑपरेटिव सोसायटी, प्रज्ञा केंद्र (सीएससी), फसल बीमा ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से बीमा करा सकते हैं। इसके लिए नवीनतम आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा भूमि एवं फसल बुवाई से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जरूरी होंगे।

फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर अपनी अधिसूचित फसल का बीमा कराकर योजना की बीमा सुरक्षा का लाभ उठाएं। मौके पर जिला सहकारिता पदाधिकारी लोकनाथ महतो, टाटा एआईजी के प्रबंधक मनोज यादव समेत संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment