उपायुक्त और एसपी ने पुष्प अर्पित कर किया नमन, सामाजिक न्याय में योगदान को किया याद
चतरा। चतरा समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में ‘दिशोम गुरु’ स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने आदिवासी समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय एवं जनकल्याण के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष को समर्पित किया। उनके विचार और योगदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए बुलंद आवाज उठाने वाले एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक स्वर्गीय शिबू सोरेन को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से मरणोपरांत सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि यह सम्मान जून माह में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से उनकी धर्मपत्नी रूपी सोरेन ने ग्रहण किया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया। इस दौरान उनके द्वारा समाज और झारखंड राज्य के लिए किए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।




















Total Users : 1120890
Total views : 2939897