सोशल मीडिया और अन्य मीडिया मंचों पर अपुष्ट सूचनाओं के प्रसारण से बचें, एसपी चतरा ने दी चेतावनी
चतरा। पुलिस अधीक्षक चतरा ने जिलेवासियों एवं सोशल मीडिया तथा अन्य मीडिया मंचों से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक, अपुष्ट अथवा गलत सूचना के प्रसारण से बचें। किसी खबर या सूचना को सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों पर साझा या प्रसारित करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य कर लें।
एसपी ने स्पष्ट किया कि बिना आधिकारिक पुष्टि के किसी संवेदनशील अथवा भ्रामक खबर का प्रसारण करने से आम लोगों में भ्रम एवं अफवाह की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना को सत्य मानकर आगे साझा न करें। विशेष रूप से संवेदनशील मामलों में संबंधित विभाग अथवा प्रशासन-पुलिस से आधिकारिक जानकारी प्राप्त करने के बाद ही खबर का प्रसारण करें।
एसपी चतरा ने चेतावनी दी कि जानबूझकर भ्रामक या अपुष्ट खबरें प्रसारित कर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से जिम्मेदारीपूर्वक सोशल मीडिया का उपयोग करने और किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की है।



















Total Users : 1110211
Total views : 2925836