घाटी में फायरिंग कर मालवाहक वाहनों में आग लगाने की थी योजना, पुलिस ने वारदात से पहले दबोचा
चतरा। चतरा पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की कथित साजिश को समय रहते विफल करने का दावा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध माओवादी समर्थकों को हथियार, जिंदा कारतूस और आगजनी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने दी। उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को एसपी अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक कुन्दा से प्रतापपुर-जोरी होते हुए भुईयांडीह की ओर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने प्रतापपुर-कुन्दा मुख्य मार्ग पर बलवादोहर गांव के समीप एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान कुन्दा की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार दोनों युवक तेज गति से भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुन्दा थाना क्षेत्र के कोजरम निवासी सुरेन्द्र गंझू 22 वर्ष और करिल गड़वा निवासी संजय गंझू 20 वर्ष के रूप में हुई है।
भुईयांडीह घाटी में फायरिंग और आगजनी की थी कथित योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे कथित तौर पर माओवादी जोनल कमांडर मनोहर गंझू के निर्देश पर भुईयांडीह घाटी में फायरिंग कर दहशत फैलाने तथा मालवाहक वाहनों में आग लगाने के उद्देश्य से जा रहे थे।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य इलाके में भय का माहौल पैदा कर माओवादी संगठन की सक्रियता दिखाना था। एसडीपीओ ने बताया कि जिले में लगभग समाप्ति की ओर पहुंच चुके भाकपा माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने के लिए नए युवकों को संगठन से जोड़ने के प्रयास की भी जांच की जा रही है।
हथियार और आगजनी की सामग्री बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, करीब एक लीटर पेट्रोल, एक माचिस, एक मोटरसाइकिल (जेएच-01-डीएस-4698) और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।






















Total Users : 1110213
Total views : 2925838