वक्ताओं ने कहा संगठित होकर अधिकारों की लड़ाई लड़ें दांगी समाज
चतरा/गिद्धौर। चतरा सदर प्रखंड मुख्यालय स्थित बभने में अतिथि प्लेस पेट्रोल पंप के समीप रविवार को ऑल इंडिया क्षत्रिय दांगी संघ के बैनर तले चतरा जिला इकाई की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सीताराम दांगी ने की, जबकि संचालन अजय कुमार दांगी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह दांगी (राष्ट्रीय महासचिव, झारखंड), विजय दांगी (बिहार प्रदेश अध्यक्ष), शैलेंद्र कुमार (पूर्व जिला परिषद सदस्य, बोकारो), प्रदीप कुमार दांगी (झारखंड प्रदेश कोषाध्यक्ष), दयानंद दांगी (जिला अध्यक्ष, पलामू), प्रभाकर रंजन दांगी एवं शंभू प्रसाद दांगी (राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, पलामू) ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सभी अतिथियों का माला एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह दांगी ने कहा कि समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए सभी लोगों को संगठित होकर आगे आने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आपसी रंजिश और विवादों का समाधान सामाजिक स्तर पर ही किया जाए, ताकि एक मजबूत और एकजुट समाज का निर्माण हो सके।
उन्होंने कहा कि दांगी समाज आज भी विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह नहीं जुड़ पाया है और कई सरकारी सुविधाओं से वंचित है। समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहना और संगठित होकर संघर्ष करना समय की मांग है। उन्होंने प्रत्येक गांव में 10-10 युवाओं की टीम गठित करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं।
वीरेंद्र सिंह दांगी ने कहा कि “शिक्षित बनें, संगठित रहें और संघर्ष करें” यही समाज की उन्नति का मूल मंत्र है। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी पर भी जोर देते हुए कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है, जब महिलाएं भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर नेतृत्व की भूमिका निभाएं।
बैठक में समाज को मजबूत बनाने, युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के प्रति जागरूक करने तथा संगठन के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज के लोगों से सामाजिक एकता बनाए रखने और नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य रामस्वरूप दांगी, मुंदिरिका प्रसाद दांगी, जिला सचिव रामोतार दांगी, संजय प्रसाद दांगी, समाजसेवी एवं पूर्व मुखिया योगेंद्र सिंह, वर्तमान उपमुखिया नरेश कुमार दांगी, महेश दांगी, सुनील कुमार महतो, देव कुमार दांगी, गोविंद कुमार दांगी, अरुण कुमार दांगी, मुकेश कुमार दांगी, मनोज कुमार दांगी, भवानी दांगी, राजकुमार दांगी सहित समाज के 700 से अधिक महिला-पुरुष उपस्थित रहे।



















Total Users : 1084406
Total views : 2889535