एक नर्स की संदिग्ध मौत का मामला पुलिस जांच में चौंकाने वाले हत्याकांड में बदल गया। पहले इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की गई, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, हैंडराइटिंग और तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दावा किया है कि प्रेम संबंध से पीछा छुड़ाने के लिए अस्पताल के दो कर्मचारियों ने नर्स की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
उत्तर प्रदेश: मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित एमसीसी अस्पताल में नर्स की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस के अनुसार अस्पताल के दो कर्मचारियों ने मिलकर नर्स की हत्या की और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक फफूंडा निवासी 25 वर्षीय नेहा एमसीसी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं। शनिवार को ड्यूटी के दौरान वह ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में अचेत अवस्था में मिलीं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके से एक कथित सुसाइड नोट और सल्फर की गोलियां बरामद हुई थीं, जिससे प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का माना गया।
हालांकि, मृतका के परिजनों ने सुसाइड नोट की लिखावट पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि यह नेहा की हैंडराइटिंग नहीं है और उसका ससुराल पक्ष से कोई विवाद नहीं था। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल की जांच में अस्पताल कर्मचारी सुरेश और नेहा के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई। फुटेज में नेहा, सुरेश और फरहान नामक कर्मचारी को एक साथ ओटी में जाते देखा गया, जबकि कुछ देर बाद सुरेश अकेले बाहर निकलता दिखाई दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुरेश ने स्वीकार किया कि वह पहले से शादीशुदा है और नेहा लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस का आरोप है कि नेहा को कमजोरी का बहाना बनाकर ओटी में ले जाया गया और ड्रिप में जहरीला रासायनिक पदार्थ मिलाकर इंजेक्ट किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपियों ने फर्जी सुसाइड नोट लिखकर और सल्फर की गोलियां रखकर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। लेकिन हैंडराइटिंग, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि परिजनों के संदेह, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों ने हत्या की साजिश स्वीकार कर ली है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






















Total Users : 1084857
Total views : 2890160