प्रेमी से शादी की मांग को लेकर एक महिला रविवार सुबह अपने छह वर्षीय बच्चे को छोड़कर 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब सात घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासन के समझाने तथा शादी का भरोसा मिलने पर महिला सुरक्षित नीचे उतरी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई, जिसमें शादी के लिए सहमति बनने की बात सामने आई।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रविवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। एक महिला अपने छह वर्षीय बच्चे को छोड़कर 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ गई। करीब सात घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और प्रशासन के आश्वासन पर महिला सुरक्षित नीचे उतरी।
जानकारी के अनुसार, महिला का एक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच विवाद होने के बाद युवक दूसरे राज्य चला गया, जिससे महिला उससे संपर्क नहीं कर पा रही थी। इसी से परेशान होकर वह सुबह टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने लगे, लेकिन वह प्रेमी को बुलाने और शादी कराने की मांग पर अड़ी रही।
महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे छोड़कर फरार हो गया। उसका यह भी दावा है कि शिकायत के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। महिला अपनी मांगें पर्चियों पर लिखकर नीचे फेंकती रही। अधिकारियों ने प्रेमी की मां को मौके पर बुलाया और शादी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद महिला दोपहर करीब 12 बजे सुरक्षित नीचे उतर आई।
इसके बाद महिला को थाने ले जाया गया, जहां दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। पुलिस के अनुसार, बातचीत के बाद दोनों परिवार शादी के लिए सहमत हो गए हैं। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया जारी है।






















Total Users : 1084857
Total views : 2890160