पति की मौत को सांप के डसने से हुई सामान्य घटना बताकर छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस जांच में ऐसा सनसनीखेज सच सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया। जांच में खुलासा हुआ कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि प्रेम संबंध और बीमा की रकम के लालच में रची गई सोची-समझी हत्या की साजिश थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया।
उत्तर प्रदेश | मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में पति की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। पहले पति को दूध में नींद की गोलियों की अधिक मात्रा दी गई और फिर जहरीले सांप से कटवाकर हत्या कर दी गई, ताकि मामला प्राकृतिक दुर्घटना लगे।
पुलिस के मुताबिक, मृतक अतुल पंवार और उनकी पत्नी दामिनी हस्तिनापुर में एक निजी स्कूल का संचालन करते थे। 17 जुलाई की सुबह दामिनी ने सूचना दी कि उसके पति को सांप ने काट लिया है। अस्पताल में डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया। मौके पर बिस्तर में सांप मिलने से मामला सामान्य सर्पदंश का प्रतीत हुआ, लेकिन परिजनों ने मौत पर संदेह जताया।
जांच के दौरान पुलिस को दामिनी और स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों ने सोनू और उदय के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि रात में अतुल के दूध में नींद की गोलियों की ओवरडोज मिलाई गई और उसके बाद जहरीले सांप को बिस्तर में छोड़ दिया गया, जिससे सांप के काटने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम लगभग 20 लाख रुपये का बीमा था। आरोपियों ने बीमा राशि हासिल करने की योजना बनाई थी, जिसमें सहयोग करने वाले दो आरोपियों को पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था। पुलिस के अनुसार, करीब 20 दिन पहले भी प्रेमी तुषार ने कार से अतुल को टक्कर मारकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट पहनने के कारण वह बच गया था। स्वाट टीम देहात और हस्तिनापुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दामिनी, तुषार, सोनू और उदय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






















Total Users : 1084857
Total views : 2890160