स्थानीय युवकों की सतर्कता से नदी से निकाली गई मोटरसाइकिल, चोरी या दुर्घटना समेत सभी पहलुओं की जांच शुरू
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र के केंदली गांव स्थित नीलजन नदी से एक लावारिस मोटरसाइकिल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय युवकों की सूझबूझ और जिम्मेदारी के चलते बाइक को सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब हंटरगंज थाना पुलिस बाइक के असली मालिक का पता लगाने के साथ-साथ पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, केंदली गांव निवासी आदित्य कुमार, गोलू कुमार और विकास कुमार नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के बीच पड़ी एक मोटरसाइकिल पर गई। तीनों युवकों ने काफी मशक्कत के बाद बाइक को नदी से बाहर निकाला और आसपास के लोगों से उसके मालिक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इसके बाद ग्रामीणों ने हंटरगंज थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर युवकों ने स्वयं मोटरसाइकिल को हंटरगंज थाना पहुंचाकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बाइक को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामद मोटरसाइकिल होंडा कंपनी की 125 सीसी की है, जिसका पंजीकरण संख्या JH 02 BE 9587 है। पुलिस वाहन के मालिक का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि बाइक नदी में कैसे पहुंची। चोरी, सड़क दुर्घटना या किसी अन्य आपराधिक घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक बाइक के मालिक की पहचान नहीं हो सकी थी। हंटरगंज थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस मोटरसाइकिल के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना को सूचित करें, ताकि मामले का शीघ्र खुलासा किया जा सके।


















Total Users : 1084403
Total views : 2889532