हजारीबाग डेंटल कॉलेज परिसर में मिला शव, साथ रहने वाले दो युवक फरार; पुलिस जांच में जुटी
हजारीबाग। हजारीबाग के डेमोटांड़ स्थित कॉलेज ऑफ साइंस एंड डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल परिसर में संचालित कैंटीन के स्टोर में कार्यरत विकास कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। मृतक बिहार के रोहतास जिले के अरिहत थाना क्षेत्र स्थित भस्वारा गांव का निवासी था।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
मृतक के रिश्तेदार ब्रजकुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि कैंटीन की रसोई में काम करने वाले पवन कुमार, दशरथ यादव और अर्जुन का इस हत्या में हाथ है। उनका कहना है कि घटना के बाद पवन कुमार और अर्जुन फरार हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल परिसर में कार्यरत कर्मचारियों के अनुसार, घटना से पहले विकास कुमार और उसके तीन साथी एक साथ खाना खाकर कमरे में सोने गए थे। शनिवार सुबह जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो विकास कुमार का शव अंदर पड़ा मिला, जबकि उसके साथ रहने वाले दो युवक गायब थे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
इधर, हजारीबाग डेंटल कॉलेज ऑफ साइंस एंड हॉस्पिटल के सचिव प्रवीण श्रीनिवास ने स्पष्ट किया कि विकास कुमार सिंह कॉलेज के नियमित कर्मचारी नहीं थे। वे कॉलेज परिसर में संचालित कैंटीन में स्टोरकीपर के रूप में कार्यरत थे। कैंटीन का संचालन पिछले एक वर्ष से एक निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा है, इसलिए मृतक का कॉलेज प्रशासन से प्रत्यक्ष संबंध नहीं था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















Total Users : 1084397
Total views : 2889523