बातचीत के दौरान युवती ने युवक को थप्पड़ मारा, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
दुमका। दुमका नगर थाना परिसर में सोमवार को प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान अचानक अफरातफरी मच गई। पुलिस की मौजूदगी में बातचीत के दौरान एक युवती ने युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीजेएमसीएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान अशोक मुर्मू के रूप में हुई है, जो पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तलवा गांव का निवासी एवं दुमका के एसपी कॉलेज में एमए का छात्र है। युवती रामगढ़ थाना क्षेत्र के कुरुवा गांव की रहने वाली है। दोनों के बीच कॉलेज में पढ़ाई के दौरान परिचय हुआ था।
युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और साथ रहने के दौरान वह गर्भवती हो गई। उसका आरोप है कि शादी का दबाव बनाने पर युवक ने बेरोजगारी का हवाला देकर विवाह से इनकार कर दिया तथा बाद में उसका गर्भपात कराया। इसके बाद उसने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत एवं समझौते के प्रयास के लिए थाना बुलाया था। सोमवार को युवक अपनी मां और मौसी के साथ, जबकि युवती अपने परिजनों के साथ थाना पहुंची। बातचीत के दौरान युवती ने कथित तौर पर युवक को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत कराई जा रही थी। इसी दौरान यह घटना हुई। युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल पीजेएमसीएच भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों एवं पूरे मामले की जांच नियमानुसार की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
























Total Users : 1072495
Total views : 2872435