पुलिस की छापेमारी से तस्करों में हड़कंप, आरोपी फरार
चतरा। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन अभियान में लावालौंग थाना पुलिस ने करीब 24 लाख रुपये मूल्य की अवैध अफीम और डोडा की बड़ी खेप जब्त की है। समाहरणालय परिसर स्थित पुलिस कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहब ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सलमा गांव के बाराटुंगरी टोला निवासी जतन गंझु और बालेश्वर गंझु अपने घरों में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 किलो 329 ग्राम शुद्ध अवैध अफीम, 85 किलो 870 ग्राम डोडा, 29 किलो 320 ग्राम पोस्ता दाना बरामद किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस सफल कार्रवाई से नशा तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।






















Total Users : 921637
Total views : 2667501