भव्य जुलूस, झांकियों व मेलों से गूंजा क्षेत्र, दिखा आपसी सौहार्द
चतरा/पत्थलगड़ा/गिद्धौर/सिमरिया: जिले के गिद्धौर, पत्थलगड़ा, हंटरगंज, प्रतापपुर, कुंदा सहित कई प्रखंडों में शनिवार को महावीर झंडों का मिलान जुलूस निकालकर भव्य मेलों का आयोजन किया गया। विभिन्न स्थानों पर देर रात तक झांकियां और शोभायात्राएं निकाली गईं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कुंदा, इटखोरी, पत्थलगड़ा, प्रतापपुर, टंडवा व गिद्धौर के दुवारी क्षेत्रों में आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र के खेलों का प्रदर्शन किया गया और “जय श्रीराम” व “जय बजरंगबली” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजायमान रहा।
शुक्रवार देर रात पत्थलगड़ा प्रखंड के पत्थलगड़ा, सिंघानी, बेलहर, नावाडीह व नुनगांव सहित कई गांवों में भी रामनवमी पर जुलूस और जीवंत झांकियां निकाली गईं। शनिवार को आयोजित मेलों में सभी अखाड़ों की झांकियों के साथ महावीर झंडों का मिलान किया गया। खास बात यह रही कि इस दौरान कई मुस्लिम धर्मावलंबियों ने भी पारंपरिक करतब दिखाकर आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की। सिमरिया प्रखंड के बगरा एवं शिला में भी रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों रामभक्त शामिल हुए। विभिन्न अखाड़ों से निकली शोभायात्राएं बगरा चौक पहुंचकर संपन्न हुईं। जुलूस मार्ग पर सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। सभी प्रखंडों में जुलूस व झांकियों के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मुस्तैद रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।






















Total Users : 870468
Total views : 2595204