सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ आयोजन
चतरा: मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एवं वीर हनुमान की भक्ति में शुक्रवार रात से रविवार सुबह तक पूरा चतरा शहर सराबोर रहा। शहर की सड़कों पर निकली आकर्षक झांकियों को देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। करीब दो दर्जन अखाड़ों व क्लबों द्वारा एक से बढ़कर एक मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। जुलूस व झांकियों में शामिल श्रद्धालुओं द्वारा “जय श्रीराम” और “जय वीर हनुमान” के उद्घोष से पूरा शहर रातभर गुंजायमान रहा। कई स्थानों पर पारंपरिक खेलों और करतबों का भी प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के साथ सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी। साथ ही सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से पूरे जुलूस की निगरानी की जा रही थी। झांकियों के साथ स्कॉट के रूप में विशेष दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी भी तैनात थे। मुख्य चतरा चौक पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष बनाया गया था, जहां उपायुक्त कृतिश्री जी, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, डीडीसी अमरेंद्र कुमार सिंह सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे और लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखा। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न क्लबों और अखाड़ों की झांकियों ने शहर को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी देर रात से सुबह तक चतरा चौक पर मुस्तैद रहे। हल्की-फुल्की घटनाओं को छोड़कर पूरे शहर में रामनवमी का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।





















Total Users : 870455
Total views : 2595187