सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच निकले भव्य जुलूस
चतरा/टंडवा/इटखोरी। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय से लेकर गांवों तक पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। हर ओर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष गूंजते रहे। जिला मुख्यालय में दोपहर के समय जिला स्वर्णकार संघ द्वारा भव्य झंडा जुलूस निकाला गया, जिसमें संघ के जिलाध्यक्ष, सचिव एवं समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए। इसके बाद विभिन्न क्लबों के सदस्यों ने केसरी चौक स्थित बजरंग बली मंदिर में अस्त्र-शस्त्र की पूजा-अर्चना कर जुलूस एवं झांकी निकालने की तैयारी शुरू की। शहर में दो दर्जन से अधिक अखाड़ों द्वारा भव्य जुलूस और आकर्षक झांकियां निकाली गईं। झांकियों को देखने के लिए पुराना पेट्रोल पंप से लेकर अव्वल मोहल्ला काली मंदिर तक मुख्य सड़क पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे आयोजन के दौरान जय श्रीराम और जय हनुमान के नारों से वातावरण गूंजायमान रहा। जुलूस के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। विशेष बात यह रही कि इस बार जुलूस की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया गया। जिला प्रशासन द्वारा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी। इसके साथ ही कुछ प्रशिक्षित जवानों को सादे वर्दी में भी तैनात किया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से रामनवमी का यह पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।






















Total Users : 869067
Total views : 2593259