घर-घर महावीरी झंडा फहराया गया, प्रखंडों में निकले भव्य जुलूस
चतरा। श्री रामनवमी पर्व के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में श्रद्धा और उल्लास के साथ पूजा-अर्चना की गई। लोगों ने अपने-अपने घरों, स्थानीय देवी मंडपों एवं महावीर स्थानों पर विधि-विधान से हनुमान चालीसा का पाठ कर महावीरी झंडा फहराया। अहले सुबह से ही जिले के विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दिनभर भक्तों ने पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं गिद्धौर, मयूरहंड, इटखोरी, सिमरिया एवं टंडवा सहित विभिन्न प्रखंडों में दोपहर बाद भव्य झंडा जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल युवाओं ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ शानदार करतब दिखाए, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जुलूस में विभिन्न गांवों से लाए गए गगनचुंबी महावीरी झंडे आकर्षण का केंद्र बने। झंडों को गांव-गांव घुमाकर पूजा-अर्चना की गई और बाद में सभी झंडों का मिलान कराया गया। भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला मुख्यालय सहित मयूरहंड, पत्थलगड़ा, सिमरिया, गिद्धौर, प्रतापपुर, जोरी और टंडवा थाना क्षेत्रों में व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात रहा। गिद्धौर प्रखंड के बारियातु, गंगापुर, केंदुआ, पहरा, सिंदुआरी, मंझगांवा, पिंडारकोण, दुआरी, इचाक सहित कई गांवों में भव्य झंडा जुलूस एवं झांकियां निकाली गईं। नवमी के अवसर पर लोगों ने अपने घरों में हनुमान जी का पताका भी लगाया। पूरे जिले में रामनवमी का पर्व शांति, सौहार्द और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ, जहां प्रशासनिक पदाधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए पूरी तरह मुस्तैद नजर आए।






















Total Users : 869067
Total views : 2593259