4 घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की
News Scale Live | हजारीबाग
हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कागांव-केरेडारी भाया टंडवा रोड स्थित महटिकरा चौक पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस घटना में एक अधेड़ महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका की पहचान तेतरी देवी, पति फूलचंद महतो, निवासी सलगा (केरेडारी) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तेतरी देवी अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से हजारीबाग अपनी बेटी से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार अफसर रजा अपनी बड़ी मां और बहन के साथ बेलतू की ओर जा रहा था। महटिकरा चौक के पास दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे पांचों लोग सड़क पर गिर पड़े।
तभी हजारीबाग से सीकरी एनटीपीसी टाउनशिप की ओर जा रहा फाइबर ब्लॉक लदा एक तेज रफ्तार टर्बो वाहन सड़क पर गिरी तेतरी देवी को कुचलते हुए निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की गति इतनी तेज थी कि महिला करीब 15 मीटर तक घसीटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बड़कागांव अस्पताल पहुंचाया। वहीं टर्बो चालक प्रवीण यादव और बाइक चालक अफसर रजा को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने महटिकरा चौक और चमगढ़ा चौक पर सड़क जाम कर दिया, जिससे हजारीबाग और टंडवा जाने वाली बस सेवाएं बाधित हो गईं। परिजनों ने मुआवजे और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।





















Total Users : 850642
Total views : 2567587