इस बार होली का रंग कुछ अलग ही नजर आया पलामू में। प्रशासनिक महकमा भी रंगों में सराबोर दिखा, जब जिले की उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों व पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर प्रेम और सौहार्द की होली खेली। डीसी आवास और एसपी आवास पर पारंपरिक अंदाज में अबीर-गुलाल उड़ा, मंजीरा और झाल की धुन बजी और होली गीतों के साथ पूरा माहौल फागुनी रंग में रंग गया।
पलामू। होली का उत्साह इस बार पलामू जिले के प्रशासनिक महकमे में भी खास तौर पर देखने को मिला। जिले की उपायुक्त समीरा एस और पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के साथ रंगों का त्योहार मनाते हुए प्रेम और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। डीसी एवं एसपी आवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में पारंपरिक अंदाज में रंग-गुलाल खेला गया। इस दौरान उपायुक्त समीरा एस और एसपी रीष्मा रमेशन ने मंजीरा और झाल बजाकर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। दोनों अधिकारियों ने होली गीतों की धुन पर कर्मचारियों के साथ सहभागिता करते हुए एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए नया और यादगार है। उन्होंने पलामूवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। वहीं एसपी रीष्मा रमेशन ने भी जिलेवासियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण होली मनाने का संदेश दिया। होली के अवसर पर पलामू पुलिस की टीम डीआईजी और आईजी आवास भी पहुंची, जहां पारंपरिक तरीके से रंग-गुलाल के साथ त्योहार मनाया गया। अधिकारियों और जवानों के बीच आपसी तालमेल और उत्साह देखने को मिला।
होली को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी गई। आम लोगों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम का नंबर भी जारी किया गया था। एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर जगह-जगह दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। प्रशासन की सतर्कता के कारण पलामू में होली का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।






















Total Users : 830020
Total views : 2539047