रांची। राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुकम रोड नंबर-05 से एक साथ चार बच्चों के लापता होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। बच्चों के अचानक गायब होने से परिजन चिंतित हैं और आसपास के लोग भी बेचैन नजर आ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार चारों बच्चे शुक्रवार की शाम बिना माता-पिता को सूचना दिए घर से निकल गए। देर शाम तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। पहले आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुखदेवनगर थाना की पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्चों की अंतिम लोकेशन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तत्काल 9431788800 पर सूचना दें। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू की जांच कर रही है और बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए प्रयास जारी है।























Total Users : 825074
Total views : 2532629