
चतरा। नगर क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच सामाजिक कार्यों से जुड़े राजेश साह के हालिया बयान ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न वर्गों से उन्हें सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि लोग अब शहर के भविष्य को लेकर गंभीर हैं। राजेश साह ने कहा, “मैं जिस संस्थान से जुड़ा हूँ, वहां मुझे जात-पात नहीं बल्कि राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाया गया है। मैं सर्व समाज के साथ मिलकर चलने में विश्वास करता हूँ। शहर के लोगों का स्नेह और समर्थन यह साबित करता है कि विकास, सम्मान और आपसी भाईचारा ही सबसे बड़ी ताकत है। अब किसी भी प्रकार के भ्रम या जोड़-तोड़ से ज्यादा फर्क पड़ने वाला नहीं है।” उन्होंने शहर के बुद्धिजीवी और जागरूक वर्ग से सही दिशा में सोचने और निर्णय लेने की अपील की। “समय रहते लिया गया सही निर्णय ही शहर के भविष्य को बेहतर बना सकता है। बाद में पछताने से बेहतर है कि आज जिम्मेदारी निभाई जाए,” उन्होंने कहा। राजेश साह ने चतरा की पहचान सामाजिक सौहार्द और एकता से जुड़ी बताते हुए इसे बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने प्रतिद्वंद्वी बाबू खान पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के सहयोग से वे किसी भी तरह की नकारात्मक राजनीति को सफल नहीं होने देंगे। इधर, बाबू खान भी चुनावी मैदान में सक्रिय हैं और लगातार रोड शो एवं जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। लंबे समय से सामाजिक सेवा में सक्रिय रहने के कारण उनकी लोकप्रियता को लेकर अन्य उम्मीदवारों में बेचौनी देखी जा रही है। वहीं कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार वसीर निजामुद्दीन भी चुनावी अभियान को गति दे रहे हैं। पूर्व विधायक अकेला यादव के दौरे के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है और माहौल में बदलाव की चर्चा हो रही है। चतरा नगर क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो चुकी हैं और आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और जनसंपर्क अभियान और भी तेज होने की संभावना है।




















Total Users : 812240
Total views : 2515241