चतरा। चतरा जिला विकास और पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान की ओर बढ़ता दिख रहा है। शहरवासियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के समीप 75 एकड़ में विकसित भव्य ईको पार्क का उद्घाटन किया गया। वन विभाग द्वारा निर्मित इस ईको पार्क का रविवार को विधिवत उद्घाटन चतरा लोकसभा सांसद कालीचरण सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि यह ईको पार्क चतरा के लोगों के लिए केवल एक पार्क नहीं, बल्कि एक अनुपम उपहार है। यह न सिर्फ जिले की सुंदरता में चार चांद लगाएगा, बल्कि पर्यटन को भी नई दिशा देगा। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य स्तर पर चतरा की पहचान और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को मानसिक शांति देने वाले स्थलों की जरूरत है और यह पार्क परिवारों के लिए एक सुरक्षित, सुंदर और सुकूनभरा स्थान साबित होगा। कार्यक्रम में उपायुक्त कृतिश्री जी ने कहा कि ईको पार्क जिलेवासियों के मनोरंजन के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होगा। हरियाली और स्वच्छ वातावरण लोगों को तनावमुक्त रखने में मदद करेगा। उन्होंने इसे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए उपयोगी बताया। इसी क्रम में हंटरगंज प्रखंड के कौलेश्वरी तलहटी स्थित हटवारिया में निर्मित वन आरोग्य पार्क का भी विधिवत लोकार्पण किया गया। इस पार्क का उद्घाटन सांसद कालीचरण सिंह, विधायक जनार्दन पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी एवं डीएफओ राहुल मीणा ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर किया। अतिथियों ने पार्क परिसर का भ्रमण करते हुए वुड हाउस के कमरों का निरीक्षण भी किया। सांसद ने वन विभाग की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल प्राकृतिक रूप से अत्यंत सुंदर है और लोगों को काफी आकर्षित करेगा। उन्होंने कहा कि वन आरोग्य पार्क नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करेगा। साथ ही पार्क में बने वॉच टॉवर की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे वन विभाग को दूर-दूर तक निगरानी में सुविधा मिलेगी, जिससे वन अपराध पर अंकुश लगेगा और वन संपदा व वन्य प्राणियों का संरक्षण सुनिश्चित होगा। सांसद ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इस संबंध में वे उपायुक्त से बात करेंगे, ताकि यहां पिकेट या ग्रामीण पुलिस की न्यूनतम तैनाती सुनिश्चित की जा सके। उद्घाटन एवं लोकार्पण समारोह में चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी, रेंजर सूर्यभूषण कुमार, प्रभारी वनपाल पवन कुमार, भाजपा नेता युगल किशोर सिंह, विधायक प्रतिनिधि रौशन कुमार सिंह, लोजपा जिला अध्यक्ष गौरी यादव, सांसद प्रतिनिधि देवकुमार पासवान, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील दास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम लोग उपस्थित थे। ईको पार्क और वन आरोग्य पार्क के उद्घाटन से चतरा जिले को पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिले को मिली हरियाली की दो बड़ी सौगातें, ईको पार्क और वन आरोग्य पार्क का भव्य उद्घाटन

On: December 15, 2025 1:01 AM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now



















Total Users : 936565
Total views : 2688014