उपायुक्त की अध्यक्षता में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुपालन को लेकर बैठक आयोजित, जिला स्पेशल सेल सक्रिय करने एवं शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने का निर्देश
================
लोहरदगा।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 (Solid Waste Management Rules, 2026) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुपालन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भोपाल नगर निगम बनाम डॉ. सुभाष सी. पांडे एवं अन्य (Civil Appeal No. 6174 of 2023) मामले में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेश के आलोक में जिले में अनुपालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने लोहरदगा जिला, नगर परिषद एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को जल्द से जल्द सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) पर रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया। साथ ही जिला स्पेशल सेल को सक्रिय करने तथा नगर परिषद एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को सभी बड़े कचरा उत्पादकों, जैसे दुकान, अपार्टमेंट, व्यवसायिक प्रतिष्ठान आदि की पहचान कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नोटिस जारी करने, जुर्माना लगाने तथा प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद को संबंधित एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर ओयना में कचरे के ढेर का समुचित प्रबंधन कराने को कहा गया। इसके अतिरिक्त सेन्हा प्रखंड के दतरी में निर्माणाधीन ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 की जानकारी पठन-पाठन के माध्यम से देने, विद्यालयों में सफाई मॉनिटर नियुक्त करने तथा उन्हें प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला स्पेशल सेल एवं नगर परिषद में थोक कचरा मॉनिटरिंग सेल गठित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में भी कचरे को चार श्रेणियों में पृथक करने तथा नगर परिषद, जिला परिषद एवं सभी ग्राम पंचायतों का शत-प्रतिशत सक्रिय रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए तथा सभी निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूर्ण किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला समन्वयक SBM(G), नगर प्रबंधक नगर परिषद, सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

























Total Users : 1283607
Total views : 3160013