हल जोत रहे किसान गंभीर रूप से झुलसे, ग्रामीणों ने मुआवजा व कार्रवाई की मांग उठाई
लोहरदगा/भंडरा। भंडरा प्रखंड की मसमानो पंचायत अंतर्गत बुडका बेदाल (टाइन टोली) स्थित जिहूर दह में सोमवार को खेत की जुताई के दौरान बिजली करंट लगने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी दो भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए मुआवजा और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय नयका पहान, पिता बासुदेव पहान, धान रोपनी के लिए अपने खेत में दो भैंसों के सहारे हल जोत रहे थे। इसी दौरान खेत के किनारे से गुजर रहा बिजली विभाग का आर्थिंग तार, जो जमीन के काफी नीचे लटका हुआ था, हल और भैंसों की चपेट में आ गया। करंट लगते ही दोनों भैंसों की मौके पर मौत हो गई, जबकि किसान भी गंभीर रूप से झुलस गए।
ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए संबंधित पावर ग्रिड से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में ग्रामीणों ने लकड़ी की सहायता से किसी तरह किसान को करंट की चपेट से बाहर निकाला और इलाज के लिए भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार किसान की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। उनका आरोप है कि खेत के समीप आर्थिंग तार को असुरक्षित ढंग से लगाया गया था और समय पर बिजली आपूर्ति बंद नहीं किए जाने के कारण दोनों मवेशियों की जान चली गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस हादसे से गरीब किसान को लगभग 80 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने, मृत मवेशियों का क्षतिपूर्ति भुगतान करने तथा मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
























Total Users : 1072495
Total views : 2872435