पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच, मृतक की पहचान के लिए आमजन से सहयोग की अपील
दुमका। दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत जरमुंडी बाइपास हाईवे पर बोगली के समीप एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसकर मौत हो गई। घटना 12 जुलाई की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे एक अज्ञात युवक साइकिल से घटनास्थल पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने सड़क किनारे साइकिल खड़ी की, कुछ देर वहां रुका और इसके बाद उसके शरीर में आग लग गई। घटना के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवक ने स्वयं पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई हो, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जरमुंडी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसके परिजनों का पता लगाने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना दी गई है तथा आम लोगों से भी सहयोग मांगा गया है।
मृतक का हुलिया इस प्रकार है:
- आयु लगभग 30 वर्ष
- लंबाई लगभग 5 फीट 6 इंच
- शरीर पर लाल रंग का जला हुआ जांघिया
- घटनास्थल से एक जोड़ी चप्पल एवं सीट टूटी हुई पुरानी साइकिल बरामद हुई है।
जरमुंडी थाना पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक की पहचान या उसके परिजनों के संबंध में कोई जानकारी हो तो 8789070499 अथवा 9470591013 पर संपर्क कर सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।























Total Users : 1072482
Total views : 2872417