आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटकाया था शव; प्रशिक्षु डीएसपी ने किया खुलासा, हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद
पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार को 18 वर्षीय युवक पवन कुमार सिंह की संदेहास्पद मौत के मामले का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिसे शुरुआत में सुसाइड (आत्महत्या) समझा जा रहा था, वह दरअसल एक सोची-समझी खौफनाक हत्या थी। पुलिस तफ्तीश के अनुसार, पवन की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उसके सगे मौसा रवि सिंह ने ही आवेश में आकर की थी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को सुसाइड की शक्ल देने के लिए पेड़ से लटका दिया था। पुलिस ने हत्यारे मौसा को गिरफ्तार कर लिया है।
वर्षीय विवाहित महिला से प्रेम प्रसंग बना मौत का कारण
इस खौफनाक वारदात के पीछे की कड़ियों को जोड़ते हुए प्रशिक्षषु डीएसपी (प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर) राजेश यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 18 वर्षीय मृतक पवन कुमार सिंह का इलाके की ही एक 28 वर्षीय विवाहित महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पवन का यह रिश्ता उसके मौसा रवि सिंह को बिल्कुल गवारा नहीं था और वह इस बात से अंदर ही अंदर बेहद नाराज रहता था।
रात के अंधेरे में सिर पर डंडे से प्रहार, फिर पहाड़ पर ले जाकर लटकाया शव
घटनाक्रम के मुताबिक, शुक्रवार की रात जब पवन अपनी उस महिला मित्र के घर गया, तो वहां पहले से मौजूद मौसा रवि सिंह ने उसे देख लिया। पवन को वहां देखते ही रवि सिंह का खून खौल गया और उसने आव देखा न ताव, पास ही रखे एक भारी डंडे से पवन के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण पवन की मौके पर ही मौत हो गई। सबूत मिटाने की शातिर साजिश: पवन को मृत देख आरोपी रवि सिंह बुरी तरह घबरा गया और कानूनी शिकंजे से बचने के लिए उसने मामले को आत्महत्या का रूप देने का षड्यंत्र रचा। वह शव को घसीटते हुए ढुलसुलमा स्थित हड़ही पहाड़ ले गया और वहां एक सुनसान जगह पर पेड़ के सहारे फंदे से लटका दिया।
पिता ने जताया था शक, गले के निशान से खुली पोल
शनिवार को जब पुलिस को पहाड़ पर शव होने की सूचना मिली, तो सतबरवा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। पहली नजर में मामला सुसाइड का लग रहा था, लेकिन गले पर मौजूद संदेहास्पद निशानों और चोटों को देखकर पुलिस को भांपते देर नहीं लगी कि यह हत्या है। इसके पूर्व, मृतक के बेबस पिता ने भी कुछ स्थानीय लोगों पर संदेह व्यक्त किया था, जिसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से तफ्तीश को आगे बढ़ाया।
पुलिस कस्टडी में कबूला जुर्म, साढ़े तीन फीट का डंडा जब्त
पुलिस हिरासत में कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद हत्यारे मौसा रवि सिंह का हौसला टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की कस्टडी रिमांड और उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त साढ़े तीन फीट का बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है।
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर राजेश यादव, पांकी पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर), सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने मुख्य और सराहनीय भूमिका निभाई। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।





















Total Users : 970078
Total views : 2732717