2024 की परीक्षा 2026 तक लटकी; विज्ञापन में देरी से आक्रोशित छात्रों और पुलिस के बीच हुई तीखी नोकझोंक, छात्र नेता दिलीप कुमार समेत दो दर्जन से ज्यादा गिरफ्तार
बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर शुक्रवार को एक बार फिर से रोजगार की मांग कर रहे युवाओं का भारी आक्रोश देखने को मिला। शिक्षक भर्ती (TRE-4) का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे सैकड़ों शिक्षक अभ्यर्थियों पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। इस बर्बर लाठीचार्ज में कई अभ्यर्थियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रमुख छात्र नेता दिलीप कुमार सहित करीब दो दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीएम आवास की ओर कूच, बैरिकेडिंग टूटने पर भांजी लाठियां जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकालते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे। छात्र लगातार सरकार और बीपीएससी (BPSC) के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने जब उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की, तो अभ्यर्थी उग्र हो गए और बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे। इसी बीच पुलिस और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज कर दिया।
2024 की परीक्षा 2026 में भी नहीं, झूठे निकले वादे अभ्यर्थियों का गुस्सा अकारण नहीं है। छात्रों का कहना है कि बीपीएससी के अपने मूल कैलेंडर के अनुसार, TRE-4 की परीक्षा 24 अगस्त 2024 को ही आयोजित होनी थी और 24 सितंबर 2024 तक इसका रिजल्ट भी आ जाना था। लेकिन हैरानी की बात है कि अब साल 2026 आ गया है और परीक्षा तो दूर, अब तक इसका विज्ञापन (Notification) भी जारी नहीं किया गया है। शिक्षा विभाग ने कुछ ही दिन पहले छात्र नेताओं को आश्वासन दिया था कि 19-20 अप्रैल तक TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा और 26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। लेकिन तय तारीख गुजर जाने के बाद भी सरकार और आयोग ने अपना वादा नहीं निभाया, जिससे छात्रों के सब्र का बांध टूट गया।
उम्र सीमा हो रही खत्म, भविष्य अधर में प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि फरवरी के दूसरे सप्ताह में भी बीपीएससी ने एक नोटिस जारी कर जल्द विज्ञापन निकालने की बात कही थी, लेकिन वह भी सिर्फ एक छलावा साबित हुआ। लगातार हो रही इस लालफीताशाही और देरी के कारण हजारों होनहार उम्मीदवारों की उम्र सीमा (Age Limit) खत्म होती जा रही है। लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटका है, लेकिन सरकार और बीपीएससी इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह से संवेदनहीन बने हुए हैं।























Total Users : 962075
Total views : 2721751