गांव में आधी रात 10-12 नकाबपोश अपराधियों का तांडव, 1 लाख कैश और चांदी के जेवर लूटकर हुए फरार, इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में आक्रोश
देवघर (झारखंड), न्यूज स्केल डेस्क: झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुस्साहसिक और सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। थाना क्षेत्र के चितरपोका गांव में शनिवार देर रात (25 अप्रैल) हथियारबंद अपराधियों ने ‘पुलिस’ के नाम का खौफ दिखाकर एक घर में धावा बोल दिया। अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और 1 लाख नकद सहित लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित रंजीत यादव 26 वर्ष, पिता गोबिंद यादव, निवासी चितरपोका ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11:30 बजे 10 से 12 की संख्या में अपराधी उनके घर की चारदीवारी फांदकर आंगन में घुस आए। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। शातिर अपराधियों ने घरवालों को झांसा देने के लिए खुद को “साइबर थाना की पुलिस” बताया और दरवाजा खुलवाया। जैसे ही परिवार ने दरवाजा खोला, सभी बदमाश जबरन घर में घुस गए और दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। घर में घुसते ही एक अपराधी ने पिस्टल निकाल ली और परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए सभी सदस्यों को एक कमरे में बंधक बना दिया। अपराधियों ने सख्त हिदायत दी कि अगर किसी ने शोर मचाने की कोशिश की, तो वे गोली मार देंगे।
इसके बाद बेखौफ बदमाशों ने इत्मीनान से घर के बक्सों और पलंग के बॉक्स का ताला तोड़ा और घर की पूरी तलाशी ली। इस दौरान उन्होंने घर में रखे करीब 1 लाख रुपये नकद और महिलाओं के चांदी के कई जेवरात (जिसमें पायल, सिकड़ी, ब्रासलेट, हसुली आदि शामिल हैं) लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। उनके जाने के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया, तब जाकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हुए। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित रंजीत यादव द्वारा मोहनपुर थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान के लिए मुखबिरों को एक्टिव कर दिया गया है। वहीं, इस घटना से आक्रोशित और भयभीत ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात्रि गश्त (Patrolling) बढ़ाने और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।





















Total Users : 932831
Total views : 2682675