शादी समारोह में जाने के दौरान चाय पीते वक्त हुआ हमला, पिस्टल छोड़कर भागे हत्यारे, दो संदिग्ध हिरासत में
देवघर (झारखंड), न्यूज स्केल: झारखंड के देवघर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जयपुर मोड़ के पास गुरुवार देर रात एक 26 वर्षीय युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और भारी तनाव का माहौल है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी अपनी पिस्टल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मृतक की पहचान राजन कुमार लाल (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रिखिया थाना क्षेत्र के बिहाई गांव का निवासी था और दिनेश लाल का पुत्र था। परिजनों ने बताया कि राजन गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह जयपुर मोड़ स्थित अपनी बहन के घर जा रहा है। रात करीब 11 बजे परिवार को मनहूस खबर मिली कि राजन को गोली मार दी गई है और उसे सदर अस्पताल ले जाया गया है। जब परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे, तब तक राजन की मौत हो चुकी थी। स्ट्रेचर पर बेटे का खून से लथपथ शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
Also Read: बड़ा एक्शन: NIA और झारखंड ATS की संयुक्त छापेमारी से मचा हड़कंप, 2 संदिग्ध हिरासत में!
इस खौफनाक वारदात के चश्मदीद और मृतक के साले राहुल कुमार ने बताया कि वे लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में जयपुर मोड़ के पास वे चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन से कुछ हमलावर वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी या विवाद के सीधे राजन के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही राजन जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई। उसे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हड़बड़ाहट में हमलावर अपनी पिस्टल घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हथियार को अपने कब्जे में ले लिया है, जिससे जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
Also Read: थाने के अंदर आधी रात का तांडव! पुलिस स्टेशन में भड़की खौफनाक आग, धू-धू कर जले दर्जनों जब्त वाहन
मृतक के पिता दिनेश लाल ने मोहनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर इसे एक ‘सुनियोजित हत्या’ करार दिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।
Also Read: कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, रंगदारी मामले में बड़ी कार्रवाई, व्हाट्सएप कॉल से मांग रहा था रंगदारी

















Total Users : 1279651
Total views : 3153808