कंपनियों को एमओयू प्रक्रिया जल्द पूरी कर योजनाएं धरातल पर उतारने का निर्देश
चतरा। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विभिन्न कंपनियों द्वारा सीएसआर मद से संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत 17 दिसंबर 2025 को आयोजित पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों और उन पर हुई प्रगति की बिंदुवार समीक्षा से हुई। उपायुक्त ने बताया कि चतरा जिले में सीएसआर मद के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण कार्यों के क्रियान्वयन के लिए सीसीएल, एनटीपीसी, एनएचएआई, इरकॉन सहित अन्य परियोजना कंपनियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए थे। समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि कुछ प्रस्तावित परियोजनाओं को संबंधित कंपनियों के बोर्ड की बैठक में अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी कार्यों के लिए एमओयू की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से शुरू हो सके। उन्होंने अन्य लंबित प्रस्तावों को भी जल्द संबंधित कंपनियों के बोर्ड से स्वीकृति दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही सीएसआर मद से संचालित योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कंपनी प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को जल्द धरातल पर उतारने को कहा। उपायुक्त ने सीएसआर प्रभारी को निर्देश दिया कि सभी प्रस्तावित एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों का सतत फॉलोअप करते हुए समय-समय पर अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद, जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सह जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित विभिन्न परियोजना कंपनियों के प्रतिनिधि, जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




















Total Users : 841631
Total views : 2555075